अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर निकाली गयी जागरूकता रैली

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को मंडलीय चिकित्सालय परिसर में जागरूकता रैली एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी की अनुपस्थिति में कार्यक्रम का नेतृत्व मंडलीय चिकित्सालय के प्रभारी प्रमुख अधीक्षक डा. रामकेवल ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एएनएमटीसी सेंटर से जागरूकता रैली निकालकर की गई, जिसमें नर्सिंग छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं को उनके स्वास्थ्य, अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए पुनः एएनएमटीसी सेंटर के सभागार में पहुंची, जहां गोष्ठी का आयोजन हुआ।
डा. रामकेवल ने महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। डिप्टी सीएमओ डा. आलेन्द कुमार, एएनएमटीसी के प्रधानाचार्य तथा आयुष्मान भारत के जनपद प्रतिनिधि रंजन मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
महिला दिवस के विशेष अवसर पर सरकारी एवं आयुष्मान से संबद्ध निजी चिकित्सालयों में महिलाओं के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए गए।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *