साइबर सुरक्षा हेतु किया गया जागरूक

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को ग्राम गोईजी स्थित रामअवतार इंटर कॉलेज में एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, कॉलेज कर्मियों एवं स्थानीय लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति सचेत करना था।
थाना अतरौलिया की साइबर टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की उपयोगिता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फिशिंग-स्मिशिंग जैसे साइबर हमलों की पहचान तथा डेटा गोपनीयता व डिजिटल फुटप्रिंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के वास्तविक उदाहरण भी बताए गए तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के व्यावहारिक उपाय समझाए गए।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा साइबर जागरूकता पर एक नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को डिजिटल सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया। रामअवतार इंटर कॉलेज के प्रबंधन ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है और ऐसे कार्यक्रम लोगों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सक्षम बनाते हैं। संस्था ने भविष्य में भी नियमित रूप से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में थाना अतरौलिया के थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दूबे तथा उपनिरीक्षक अभिषेक यादव (साइबर प्रभारी) सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *