10633 मरीजों का बन चुका है आभा कार्ड

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब योजना का लाभ पाने वाले हर मरीज के लिए आभा कार्ड बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ उठा रहे लोगों के लिए अक्टूबर माह से आभा कार्ड बनना शुरू हो गया है। इस कार्ड में मरीजों की पहले की बीमारियों की पूरी जानकारी ऑनलाइन अपडेट हो जाया करेगी। यह सब कार्ड संख्या कंप्यूटर में डालते ही सामने आ जाएगी। यह आईडी प्रूफ का भी काम करेगा। आभा कार्ड, आधार कार्ड होने पर ही बनेगा। उक्त बातें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आईएन तिवारी ने प्रेस को जारी एक बयान में कही।
डॉ.तिवारी ने बताया कि जनपद में 151837 परिवारों का सर्वे किया गया है, जिसमें 22887 परिवारों में शून्य से दो वर्ष के टीकाकरण के बच्चे मिले हैं। आधार नंबर के साथ 358624 लोगों का ब्यौरा दर्ज किया गया है तथा 10633 मरीजों का आभा कार्ड बनाया गया है। डीपीएमयू के प्रोजेक्ट मैनजर विपिन पाठक ने बताया कि शासन की ओर से ई-कवच पोर्टल तैयार किया गया है। इस पोर्टल पर आशा द्वारा घर-घर जाकर परिवारों की पूरी जानकारी जुटाकर इस पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। जिसमें सभी बीमारियों के साथ बच्चों के टीकाकरण की स्थिति को भी दर्ज किया जा रहा है। साथ ही अगर कोई उस परिवार में गंभीर बीमारी से पीड़ित है तो उसका डाटा भी अपलोड किया जा रहा है। एक बार क्लिक करते ही मरीज का पूरा व्यौरा उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से शुरू किए ई-कवच पोर्टल पर अभी तक आशा ही कार्य कर रही हैं। लेकिन आगे चलकर सरकार इससे सभी विभागों को जोड़ने की तैयारी में है।
अर्बन क्षेत्र सिधारी निवासी 46 वर्षीय कुसुमलता ने बताया कि हमारा आभा कार्ड नवम्बर में बना है, मुझे सांस लेने में दिक्कत होती थी, मैंने आशा प्रियंका से बात की तो उन्होंने बताया कि आपका आभा कार्ड बनवा देते हैं, आप को कोई भी समस्या होने पर स्वास्थ्य विभाग से लाभ मिलेगा तथा इसमें आपका पूरा रिकार्ड भी दर्ज रहेगा। सिधारी निवासी ही 56 वर्षीय बिंदू मौर्या ने बताया कि हमारे पैर में दर्द होता था, आशा ने हमारा आभा कार्ड बनवा दिया है, उन्होंने बताया कि इससे आपको अस्पताल में सुविधा मिलेगी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *