महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के देवारा जदीद ग्राम सभा के टोटहवा गांव में महिला की हत्या से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंची जहां गंभीर रूप से घायल महिला को ईलाज के लिए लाया गया था। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने बाद पुलिस ने शव को आवश्यक कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना की जांच में जुट गयी।
उक्त गांव निवासी अमित निषाद पुत्र शिवकुमार अपने जनसेवा केंद्र पर बैठा था कि तभी उसकी चाची साफी देवी व रीता पत्नी राजकुमार के बीच मामूली कहा सुनी चल रही थी। इतने में अमित अपनी दुकान से लोहे की राड लेकर निकला और पीछे से अपनी चाची साफी देवी के सिर मार दिया जिससे वह मौके पर ही गिर गयी। अमित को मारता देख आसपास के लोग महिला को बचाने के लिए दौड़े। लोगों को आता देख अमित वहां से भाग गया। घर वाले गंभीर रूप से घायल महिला को ईलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज लाये जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सगड़ी मौके पर पहुंचे और घटना का संज्ञान लिया। सीओ सगड़ी विजय कुमार ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और गिरफ़्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गयी है तथा स्थालीय निरीक्षण के लिए फॉरेन्सिक टीम को बुला लिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र