महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना परिसर में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में एमवी एक्ट में जब्त एवं लावारिस वाहनों की नीलामी की गई। नीलामी के दौरान पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमानुसार संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी तथा नीलामी प्रक्रिया में अधिकृत एआरटीओ अतुल यादव, अभियोजन अधिकारी अरविन्द भाटी, क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, नायब तहसीलदार संजय राय उपस्थित रहे।
थाना परिसर में लंबे समय से खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को न्यायालय एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार नीलामी के लिए चिन्हित किया गया था। निर्धारित तिथि पर इच्छुक बोलीदाताओं को आमंत्रित किया गया, जहां खुली बोली के माध्यम से वाहनों की नीलामी की गई। नीलामी प्रक्रिया शुरू होने से पहले अधिकारियों द्वारा सभी वाहनों का विवरण, उनकी स्थिति एवं न्यूनतम बोली राशि की जानकारी सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई। इसके बाद बोलीदाताओं से क्रमवार वैधानिक कागजात व सिक्योरिटी राशि जमा कराई गयी तत्पश्चात बोलिदाताओं ने अपनी-अपनी बोलियां लगायी। नीलामी में प्रयुक्त वाहनो को दो भाग में बांटा गया जिसमें 39 दो पहिया वाहन की न्यूनतम राशि एक लाख चौहत्तर दो सौ हजार (174200) रुपये निर्धारित थी जिसकी उच्चतम बोली दो लाख छियासी हजार ( 286500) रुपये कृष्णा ट्रेडर्स हाजीपुर ने लगा कर नीलामी अपने नाम की। जबकि एक किता ट्रैक्टर जिसकी न्यूनतम राशि अड़तालिस हजार (48000) रुपये रखी गयी थी जिसे प्रकाश जायसवाल गंभीरपुर ने उच्चतम बोली डेढ़ लाख (150000) रुपये लगा कर अपने नाम किया।
नीलामी प्रक्रिया की कमान कोतावाली प्रभारी केदारनाथ मौर्या ने संभाली। नीलामी प्रक्रिया में कुल 40 बोली दाताओं ने हिस्सा लिया था। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से थाने में खड़े वाहनों के कारण परिसर में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। नीलामी से एक ओर जहां परिसर खाली होगा, वहीं सरकार को राजस्व की प्राप्ति भी होगी।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र