आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सावन माह के पहले दिन सोमवार होने से हर तरफ आस्था हिलोरें लेते दिखीं, शिव दरबार में हाजिरी की होड़। भक्तों ने शिव दरबार में हाजिरी लगाई और जयकारे के साथ महादेव का जलाभिषेक किया।
सुबह से ही शिव का जलाभिषेक करने की आतुरता भक्तों में दिखी। बाबा दरबार में लोगों ने हाजिरी लगाई और पूजन-अर्चन कर मन्नत मांगी। शहर के बाबा भंवरनाथ मंदिर और महराजगंज के भैरव धाम सहित सभी प्रमुख मंदिरों में ज्यादा भीड़ रही। शहर से लेकर गांव तक बारहों महीने सूने रहने वाले शिवालय भी भक्तों की भीड़ से गुलजार रहे। हर तरफ महादेव के नाम का जयकारा लगता रहा।
महर्षि दुर्वाषा की तपोस्थली पर रोज की तरह से लोगों ने तमसा-मंजूषा नदियों के संगम में स्नान के बाद शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। वहीं घरों में शिव चालीसा एवं भगवान भोलेनाथ की आरती की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया था। उधर, सावन में बाबा धाम जाने की परंपरा के चलते कावड़ियों की रवानगी का सिलसिला एक दिन पहले ही शुरू हो गया था। रवानगी से पहले भक्तों ने क्षेत्र के देव स्थलों पर मत्था टेका। इसी क्रम में मातवरगंज स्थित शिव प्रतिमा, शिव मंदिर रैदोपुर, कालीचौरा, सिधारी सहित ग्रामीण अंचलों के मंदिरों पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार सावन के पहले सोमवार को छोटे बड़े सभी मंदिरों मंे प्रातः ही श्रद्वालु बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक के लिए पहंुच गये। दोपहर तक मंदिरों मंे काफी भीड़ रही। श्रद्वालुओं मंे युवा वर्ग ने बाबा को जलाभिषेक करने के साथ गर्भगृह से बाहर निकलते ही सेल्फी की भी खूब होड़ रही। सोशल मीडिया पर छाने का भी दौर दिखा।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को शाम से ही कावरियों का जमावड़ा दुर्वासा धाम के तमसा, मंजूषा के संगम तट पर होने लगा। भगवा चोले में युवा, बुजुर्ग, महिला, बच्चे, संगम में डुबकी लगा कर भगवान दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक कर कावर लिए अंपने गंतव्य स्थान को प्रस्थान किये। हर हर महादेव, भोले बाबा पार करेगा, का मनभावन उदघोष से वातावरण में शिव रस घोल रहे थे। क्षेत्र के दुर्वासा धाम के दुर्वेश्वर महादेव, मुंडेश्वर नाथ महादेव, श्री शंकर जी तिराहा, राम जानकी मंदिर, नागा बाबा मन्दिर बाबा परमहंस जी मन्दिर आदि शिवालयो पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, फल फूल, चंदन, आदि से पूजन अर्चन किया। सावन मास में भीड़ को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक शशि चन्द, महिला थाना प्रभारी प्रियंका सहित पुलिस प्रशासन लगा रहा।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार पटवध सरैया बाजार स्थित शिव मंदिर पर भक्तजनों द्वारा पूजन अर्चन व जलाभिषेक किया गया। बाजार वासियों द्वारा मंदिर परिसर में 24 घंटे के हरिकीर्तन का आयोजन किया गया। प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक, श्रीनगर (सियरहां) स्थित श्री राधा कृष्ण शिव मंदिर, अवंती गौरी शिव मंदिर, जैगहां बाजार के शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
रिपोर्ट-सुबास लाल