मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में नवरात्र के पर्व को लेकर पूरा क्षेत्र माता दुर्गा की भक्ति में डूबा हुआ है। बाजारों में रौनक दिखलाई पड़ रही है। मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के हर बाजार में माता दुर्गा के पंडाल लगे हुए हैं, जहां लोग सुबह शाम माता का दर्शन कर रहे हैं। सुबह के समय आरती जब होती है तो मानो ऐसा प्रतीत होता है कि पूरा क्षेत्र भक्ति मय हो जाता है। जैसे लगता है कि माता दुर्गा ने पंडाल में साक्षात दर्शन भक्तों को दे दिया है।
इस बार नवरात्र में माता जी का आगमन हाथी से हुआ है और वापसी पालकी से हो रही है ये दोनों ही शुभ संकेत है। बरदह बाजार में दुर्गा पंडाल की स्थापना 1980 के दशक में गांव के ही शिव प्रकाश तिवारी जो कोलकाता से चलकर गांव पर आए हुए थे और अजय मोदनवाल को साथ लेकर प्रथम पंडाल की स्थापना किया। उसके बाद धीरे-धीरे इस बाजार में दुर्गा पूजा के साथ-साथ रामलीला का भी प्रचलन प्रारंभ हो गया और आज की स्थिति यह है कि इस बाजार में दुर्गा पूजा के पांच पंडाल बने हुए हैं। जहां लोग सुबह शाम माता का दर्शन करते हैं।
पंडाल के पुजारी पंडित शशिधर त्रिपाठी ने बताया कि माता में इतनी शक्ति है कि जिस काम को लोग प्रारंभ करेंगे, माता इतनी शक्ति प्रदान करती हैं कि वह काम अपने आप पूरा हो जाता है। इस समय राजागंज, बरौना, दुबरा, लल्लूगंज, मुक्तिपुर, कुशल गांव समेत अन्य कई बाजारों में माता के पंडाल बने हुए हैं।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी