लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील के ग्राम कूबा खास निवासी इंद्रमनी राम सीमा सुरक्षा बल में मुख्य आरक्षक (जीडी) पद पर कार्यरत थे। उनके आकस्मिक निधन पर उनका पार्थिव शरीर गांव में लाया गया। जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिजनों और आसपास गांव में कोहराम मच गया।
उक्त गांव निवासी इंद्रमनीराम 76 बटालियन सीमा सुरक्षा बल के जवान थे। 31 जुलाई को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। लोगों ने उनको सिविल हॉस्पिटल गांधीनगर गुजरात में भर्ती कराया। ऑन ड्यूटी मेडिकल अफसर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। सीमा सुरक्षा बल के जवान का पार्थिव शरीर एयर इंडिया की उड़ान से अहमदाबाद से वाराणसी लाया गया। तत्पश्चात वाहन से जवान का पार्थिव शरीर वाराणसी से उनके पैतृक आवास पर पहुंचते ही महिलाओं और बच्चों के रोने और बिलखने से वहां मौजूद लोगों की भी आंख नम हो गई। मृत जवान की पत्नी विद्या देवी दहाड़ मार कर रोने लगी। बेटा लकी कुमार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। पूरा गांव शोक में डूब गया। मौके पर पहुंचीं एसडीएम न्यायिक नूपुर सिंह, सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, तहसीलदार लालगंज उमेश सिंह, थाना प्रभारी मेहनाजपुर, भाजपा नेता डब्बू सिंह, बसपा की जिला पंचायत सदस्य डॉ.गीता देवी, सपा कार्यकर्ता आदि राजनीतिक दलों के लोगों ने जवान के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद