अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंगलवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के विसईपुर गांव में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम के दौरान सुभासपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास कार्यों, नाली, खड़ंजा और आवास के नाम पर जनता से पैसा वसूलने वाले अधिकारियों को अब बख्शा नहीं जाएगा। जनहित हमारी पार्टी का सबसे बड़ा मुद्दा है और ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से की जाएगी।
अरुण राजभर ने बताया कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों विसईपुर, डाही, कोठवा जलालपुर, पियरिया, खालिसपुर आदि में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उनके समाधान के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने आगामी 22 फरवरी को जनता इंटर कॉलेज, अहरौला के मैदान में आयोजित होने वाली समरसता रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि यह रैली ऐतिहासिक होगी, जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्री सहित गठबंधन के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि रैली के मंच से स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अहम मुद्दों पर दोनों उपमुख्यमंत्रियों से सीधी चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर राकेश गौड़, दीपक सिंह, रमाशंकर राजभर, जिलेदार सिंह, बृजेश चौबे, प्रभाकर चौबे, विनोद चौबे आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे