अनुराग पाण्डेय का पीसीएस में चयन, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल, आजमगढ़ के वर्ष 2016 के पूर्व छात्र अनुराग पाण्डेय ने वर्ष 2025 की पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर उत्तर प्रदेश में 8वीं रैंक प्राप्त करते हुए उपजिलाधिकारी का पद प्राप्त किया तथा विद्यालय एवं जनपद को गौरवान्वित किया है।
नए सत्र का आरंभ अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में अनुराग पाण्डेय के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक कृष्ण मोहन त्रिपाठी, उप-प्रबंधक सुरेन्द्र प्रसाद शुक्ल तथा प्रधानाचार्य करुणापति मिश्र द्वारा अनुराग पाण्डेय का फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने अनुराग पाण्डेय से तैयारी से संबंधित विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने उत्कृष्ट उत्तर देकर सभी को प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया तथा प्रांगण में उपस्थित अभिभावकों से भी अनुरोध किया कि गुणवत्ता के समक्ष पैसे की कोई महत्ता नही होती इसलिए चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल हरबंशपुर में अपने पाल्य को प्रवेश दिलाकर उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाये। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *