अंश कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर का हुआ शुभारम्भ

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के भदेवा मझौली में शनिवार को अंश कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर प्लांट का शुभारंभ पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश और जिले के विकास के लिए इस तरह की पहल सराहनीय है। छोटे-छोटे कुटीर उद्योग लगने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और युवाओं को काम मिलता है।
मंत्री राजभर ने कहा कि सरकार भी चाहती है कि प्रदेश में उद्योग स्थापित हों ताकि विकास की गति तेज हो सके। इस प्लांट के शुरू होने से आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर जो भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, वह निराधार हैं। एसआईआर, बोर्ड परीक्षाओं और आगामी जनगणना के कारण अधिकारी-कर्मचारी व्यस्त हैं, लेकिन चुनाव की प्रक्रिया संविधान के दायरे में तय समय पर ही पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी 75 जिलों के मतपत्र छपकर जिला मुख्यालय पर पहुंच चुके हैं और 15 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
गैस की कथित किल्लत के सवाल पर मंत्री ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है। यदि किसी ने गैस कनेक्शन लिया है तो उसे ऑनलाइन बुकिंग करनी होती है। कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए गलत बातें फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़ से लेकर बलिया तक ब्लैक मार्केटिंग के मामलों में सबसे ज्यादा लोग सपा से जुड़े पकड़े गए हैं। इस मौके पर प्रधान राम रखवारे प्रजापति, वीरेंद्र सागर, कोपई, निठुरी, निखिल, राम विनय, रामदुलारे, राम फेर सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *