अनिलेश यादव ने हासिल की 7वीं रैंक, बने एआरओ

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील के ग्राम नईकोट के होनहार युवा अनिलेश कुमार यादव ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी/ सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ व एआरओ) परीक्षा में उन्होंने सहायक समीक्षा अधिकारी पद पर 7वीं रैंक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
वर्तमान में संत कबीर नगर जनपद में लेखपाल के पद पर कार्यरत अनिलेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही विद्यालय से प्राप्त की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपने लक्ष्य को हासिल कर दिखाया। अनिलेश के पिता हरीराम यादव सेवानिवृत्त एसडीएम हैं। उन्होंने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए इसे पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी, वहीं अनिलेश के घर पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा।
अपनी सफलता पर अनिलेश कुमार यादव ने कहा कि उन्होंने यह मुकाम माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर कठिन परिश्रम के बल पर हासिल किया है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। अनिलेश की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *