अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि मृत सिपाही संदीप पाल के परिजनों के खाते में शासन द्वारा सहायता राशि 50 लाख रूपये हस्तान्तरित कर दी गयी है। गुरूवार को परिजनों से मिलकर सम्बन्धित दस्तावेज सौंप दिये गये हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि महकमा पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेगा। उन्होंने बताया कि मृतक की बीमार पत्नी के इलाज के लिए स्थानीय पुलिस को निर्देशित कर दिया गया है। उनका बेहतर तरीके से इलाज कराया जायेगा। स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही वे भी समस्याएं निपटा दी जायेंगी। बता दें कि 28 फरवरी को पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य मृत सिपाही के परिजनों से मिलकर उनकी डीजीपी से बात करवाई और अन्य समस्याओं से रूबरू हुए थे।
विदित हो कि मूल रूप से आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के बिसईपुर गांव के रहने वाले संदीप निषाद 2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। संदीप की पहली पोस्टिंग प्रयागराज में ही हुई थी। संदीप करीब छह महीने से विधायक राजू पाल की हत्या में गवाह रहे उमेश पाल की सुरक्षा में लगे थे। चार भाइयों और बहनों में तीसरे नंबर पर थे। बदमाशों द्वारा चलायी गयी गोली से उनकी मौत हो गयी थी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद