सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी, फरार हुआ कथित बैंक संचालक

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बूढनपुर नगर पंचायत में लोन दिलाने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एएमएन नाम से खुले एक कथित बैंक/वित्तीय संस्थान ने समूह लोन के नाम पर महिलाओं से एडवांस रकम वसूल ली और फिर अचानक ऑफिस बंद कर संचालक फरार हो गया।
इस कथित बैंक द्वारा महिलाओं को समूह के माध्यम से लोन देने का झांसा दिया गया था। लगभग 200 से अधिक महिलाओं ने लोन प्रक्रिया के नाम पर 2,000 से 5,000 रुपये तक की रकम जमा की। महिलाओं को आश्वासन दिया गया था कि तय तारीख पर उन्हें लोन की राशि दे दी जाएगी।
आज जब महिलाओं को लोन मिलने के लिए कार्यालय बुलाया गया, तो वे एएमएन ऑफिस पहुंचीं, लेकिन वहां न तो कोई कर्मचारी मिला और न ही बैंक संचालक। ऑफिस पूरी तरह बंद था। ठगी का एहसास होते ही महिलाओं में हड़कंप मच गया और आक्रोश फैल गया।
पीड़ित महिलाओं ने इस पूरे मामले की शिकायत बूढनपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह से की। चौकी प्रभारी ने महिलाओं को मामले में जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ठगी का शिकार हुई महिलाओं में पुष्पावती, निर्मला, सरिता, संगीता, अंजू, सुमन, आशा, ममता, चरौता सहित अनेक महिलाएं शामिल हैं। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कर्ज के सहारे अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना देखा था, लेकिन अब वे कर्ज और ठगी के बोझ तले दब गई हैं।
इस घटना ने एक बार फिर फर्जी वित्तीय संस्थानों और अवैध माइक्रो फाइनेंस कंपनियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर महिलाओं की मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *