पट्टे की पोखरी पर कब्जे का आरोप

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत के चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड निवासी बिन्द समाज के लोगों ने अपनी पट्टे की पोखरी पर मिट्टी गिराकर कब्जा करने का आरोप नगर पंचायत अध्यक्ष पर लगाया है। मामले को लेकर पीड़ितों ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री को ऑनलाइन शिकायती पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।
चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड में बिन्द समाज का मोहल्ला है। मोहल्ले के निवासी हजारी पुत्र श्रीराम, राजाराम पुत्र पूर्णमासी और राकेश पुत्र नंदलाल ने शिकायत में बताया कि उनके पूर्वजों को जमींदारी उन्मूलन के समय जमींदार कमर हुसैन व वाजिद अली से गाटा संख्या 677 स्थित पोखरी का वर्ष 1957 में मत्स्य पालन के लिए रजिस्टर्ड पट्टा मिला था। 25 नवंबर 1957 को वाजिद अली के वारिसों के माध्यम से तहसीलदार कोर्ट, फूलपुर में सुलहनामा भी हुआ था। तब से वे लोग उक्त भूमि पर काबिज हैं और अभिलेखों में भी उनका नाम दर्ज है।
पीड़ितों का कहना है कि इस भूमि का टाउन एरिया या नगर पंचायत से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि 10 मार्च की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा उक्त पोखरी पर मिट्टी गिरवाकर कब्जा करने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल काम रुक गया, लेकिन अध्यक्ष द्वारा जबरन पोखरी को पाटने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी पट्टे की पोखरी को अतिक्रमण से बचाया जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि गरीब परिवारों को न्याय मिल सके।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष रामशीष बरनवाल ने बताया कि शिकायतकर्ता अराजक तत्व है। पोखरा का सुंदरीकरण किया जाएगा शासन से धन स्वीकृत हुआ है। एसडीएम ने बताया कि नायब तहसीलदार को निर्देशित किया गया है, जांचकर रिपोर्ट दें। जांच रिपोर्ट के बाद कार्यवाही होगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *