ट्रक चालक रमेश यादव की हत्या किए जाने का आरोप

शेयर करे

फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र निवासी ट्रक चालक रमेश यादव की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई चंद्रिका यादव ने कहा कि उनके भाई की साजिश के तहत हत्या की गई है और उन्हें न्याय चाहिए।
परिजनों के अनुसार रमेश यादव खजूर से लदा ट्रक लेकर गया (बिहार) पहुंचे थे, जहां माल कम होने और पैसों की कटौती को लेकर विवाद हुआ। 15 दिसंबर को रमेश यादव ने परिजनों को फोन कर बताया था कि गया की पार्टी और कमीशन एजेंट के बीच पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया है और मारपीट की आशंका है। फोन करने के कुछ समय बाद ही उनका मोबाइल बंद हो गया।
काफी खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि गया जिले के बेला थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिला है। परिजन बेलागंज थाना पहुंचे, जहां फोटो के आधार पर शव की पहचान रमेश यादव के रूप में की गई।
चंद्रिका यादव ने आरोप लगाया कि माल और पैसों के लेन-देन के विवाद में उनके भाई की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, जबकि जिस ट्रक पर खजूर लाद कर गया हुआ था वह ट्रक भी गायब हो गया, अभी तक ट्रक नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि बेलागंज थाने की पुलिस लीपा पोती कर रही है। परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, ट्रक की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *