मंडलीय चिकित्सालय में बुजुर्ग महिला से अभद्रता का आरोप

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंडलीय चिकित्सालय की ओपीडी में इलाज कराने आई एक बुजुर्ग महिला के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सावित्री देवी पत्नी स्व.नरेन्द्र सिंह 85 वर्ष, निवासी करनपुर थाना जहानागंज गुरुवार को अपनी बीमारी का इलाज कराने के लिए मंडलीय चिकित्सालय की ओपीडी में पहुंची थीं। उनका आरोप है कि वहां मौजूद ऑर्थाे सर्जन डा. विनोद कुमार ने उपचार के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
पीड़िता के अनुसार डाक्टर ने न केवल उनसे ठीक से बात नहीं की बल्कि गाली-गलौज करते हुए धमकी भी दी और मारपीट जैसा व्यवहार किया। बुजुर्ग महिला का कहना है कि उचित तरीके से जांच भी नहीं की गई और बिना किसी जांच या उपचार के ही वहां से जाने के लिए कह दिया गया।
घटना के समय महिला के साथ मौजूद उनके बेटे ने जब इस व्यवहार का विरोध किया तो आरोप है कि डाक्टर ने उसके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की। इससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
पीड़िता सावित्री देवी ने इस पूरे मामले को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि एक बुजुर्ग महिला के साथ इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत अमानवीय है। उनका कहना है कि अस्पताल में इलाज की उम्मीद से आईं थीं, लेकिन वहां उन्हें अपमान और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा।
पीड़िता ने मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसी घटना न हो।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। प्रमुख अधीक्षक मंडलीय चिकित्सालय सतीश कन्नौजिया ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, जांच पड़ताल करवाने के बाद ही मैं सही तथ्य बता पाऊंगा।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *