आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए आगामी विशेष अभियान 25 नवम्बर से 25 दिसम्बर तक चलाया जाएगा। इस अभियान को शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ सफल बनाने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि अभियान अवधि के दौरान जनपद का कोई भी पात्र व्यक्ति गोल्डन कार्ड से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित सभी विभागों का संयुक्त समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। सीएचओ, आयुष्मान मित्र, ब्लॉक ऑपरेटर, आशा, संगिनी एवं कोटेदार मिलकर पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनवाने का कार्य करेंगे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ब्लॉकवार ग्राम पंचायत कैंप की सूची व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा की जाएगी और सूची के अनुरूप अधीक्षक कैंप पर ड्यूटी सुनिश्चित करें। कम कार्ड वाले क्षेत्रों को प्रथम वरीयता देते हुए क्षेत्रवार कार्ययोजना लागू की जाएगी, जिससे कहीं भी असंतुलन न रहे और लक्ष्य 100 प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त किया जा सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एनआर वर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद का कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड के लाभ से वंचित न रहे। टीमवर्क व उच्च प्राथमिकता के साथ कार्य कर लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जाएगा। अंत में सीएमओ ने सभी स्वास्थ्य कार्मिकों एवं अधिकारियों से पूरी निष्ठा एवं टीम भावना के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील की।
रिपोर्ट-सुबास लाल