लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। केराकत क्षेत्र के डेहरी गांव में गुड्डू प्रधान एंड कंपनी के तत्वावधान में आयोजित ऑल यूपी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल मैच में नायाब ज्वेलर्स लालगंज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि मिर्जापुर की टीम को उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा।
टूर्नामेंट में प्रदेश की कई मजबूत टीमों ने प्रतिभाग किया। नायाब ज्वेलर्स लालगंज की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। निर्णायक मुकाबले में टीम की सटीक सर्विस, मजबूत ब्लॉक और धारदार स्मैश ने विरोधी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा।
नायाब ज्वेलर्स लालगंज की टीम में माज़, मुगनी चिस्ती, नईम, सुभान, ललित और सत्यम जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वहीं हरियाणा, एनईआर रेलवे, कटौली, मुरकी और टीडी कॉलेज जौनपुर से जुड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा किया।
प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे, जिनका उत्साह पूरे आयोजन में देखने लायक रहा। आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बड़े खेल के आयोजन का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद