आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महापंडित राहुल सांकृत्यायन जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने पहुंचीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रिंयका मौर्या वहां की व्यवस्था देख संतुष्ट हुईं। कुछ मामलों में सवाल भी किया, लेकिन उसका संतोषजनक जवाब वहां के मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. विनय कुमार सिंह यादव ने बखूबी दिया। सीएमएस की बातों से सहमति भी जताई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित पूरी टीम उपस्थित मिली। प्रियंका ने चिकित्सालय के सजिकल वार्ड का निरीक्षण करने के दौरान अनेक महिलाओं से वार्ता की। सभी ने चिकित्सालय की व्यवस्था के संबंध में संतोषजनक जबाव दिया, किसी ने कोई शिकायत नहीं की। रसोई घर के निरीक्षण के दौरान लंच के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। चिकित्सालय में फायर संबंधी सिस्टम का निरीक्षण किया गया तथा उसे पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। सोनोग्राफी तथा ब्लड जांच की अच्छी सुविधाएं पाई गईं। सोनोग्राफी के लिए महिला डाक्टर न होने के सवाल पर सीएमएस ने जो जवाब दिया उससे भी प्रियंका संतुष्ट हो गईं। चिकिल्सालय में 70 मरीज भर्ती मिले, जिनका उपचार सही तरीके से किया जा रहा था। रिसेप्शन पर लोग लाइन लगाकर रजिस्ट्रेशन करा रहे थे, लेकिक किसी को कोई शिकायत नहीं थी। इसके अतिरिक्त वृद्धाश्रम बघौरा इनामपुर में निवासरत वृद्धजनों को विभागीय योजनाओं जैसे वृद्धावस्था पेंशन, भरण-पोषण अधिनियम आदि के बारे में बताया गया।
इनसेट–मन की खटास दूर कर मुस्कुराते घर लौटे दंपति
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डा. प्रिंयका मौर्या द्वारा विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई का कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा सदस्य डा. प्रिंयका मौर्या को बुके देकर स्वागत किया गया। जनसुनवाई के अन्तर्गत कुल 23 प्रकरण प्राप्त हुए। समस्त प्रकरण को सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी, सम्बन्धित थानाध्यक्ष को प्रकरण के निस्तारण हेतु प्रियंका द्वारा निर्देश दिया गया। घरेलू हिंसा से पीड़ित कविता चौहान पत्नी रवि चौहान थाना जहानागंज का काफी दिनों से विवाद चल रहा था, प्रियंका द्वारा दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कर सुलह-समझौता कराया गया एवं दोनों पक्ष एक दूसरे से गले मिलकर खुश होकर घर लौटे। इस तरह की सीन देख हर कोई खुश हो गया। जनसुनवाई में आईं महिलाओं को आयोग की सदस्य द्वारा स्पांसरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना एवं कन्या सुमंगला योजना तथा श्रम विभाग की योजनाओं से लाभार्थियों को जोड़ा गया।
जनसुनवाई में सीओ सिटी गौरव शर्मा, उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सधिकारी के प्रतिनिधि डा. आलेंद्र कुमार, महिला थानाध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारीगण एवं समस्त आवेदिका एवं उनके संरक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार