गाजीपुर में बोले: भाजपा सरकार जाति और धर्म देखकर भेदभाव कर रही है
गाजीपुर। सपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज गाजीपुर में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए युवाओं और किसानों को रिझाया। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कहा कि सपा का जो गठबंधन है, उसके बाद पार्टी अब किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। इसके साथ ही उन्होंने ये भी एलान किया कि सपा सरकार में भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी।

पूर्व पंचायतीराज मंत्री कैलाश यादव की प्रतिमा का अनावरण
गाजीपुर के सकरा स्थित लुटावन महाविद्यालय में पूर्व पंचायतीराज मंत्री कैलाश यादव की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा को अखिलेश यादव ने संबोधित किया। यूपी के कई जिलों के नाम बदलने की मांग करने की चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग जनता को धोखा देने वाले हैं। अब यह चलने वाला नहीं है। जनता उनकी धोखेबाजी को अच्छी तरह समझ चुकी है। भाजपा सरकार जाति और धर्म देखकर भेदभाव कर रही है। सपा के कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। सरकार का बुलडोजर जिन पर चलना चाहिए उनपर नहीं चल रहा। लेकिन यह बुलडोजर चलना बंद नहीं होगा। इस सरकार के बाद भी बुलडोजर चलना बंद नहीं होगा।
भाजपा राज में चंद उद्योगपति तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में चंद उद्योगपति तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं। वहीं किसानों और मजदूरों का विकास नहीं हो रहा। उनको इससे कोई लेना-देना नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज सपा की सरकार होती तो जातिगत जनगणना हो रही होती। हमारी सरकार बनेगी तो हम तीन माह के भीतर जातिगत जनगणना कराएंगे। उन्होंने कहा कि नौजवानों के लिए अग्निवीर योजना जैसी आधी-अधूरी नौकरी की व्यवस्था नहीं चलेगी। यह नौकरी नौजवानों को मनोबल नहीं बढ़ा सकती। अगर हम केंद्र की सरकार में आए तो उन्हें पूरी सेवा का मौका उपलब्ध कराएंगे।
इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर जनता को धोखा
अखिलेश यादव ने कहा कि जब हम सत्ता में थे तब विद्युतकर्मियों के पीएफ का पैसा प्राइवेट कंपनी में लगाने पर उस कंपनी को नुकसान होने पर सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ जेल भेजने की कार्रवाई की गई थी। आज सरकारी संस्थाओं का पैसा देने वाले अधिकारियों के खिलाफ क्यों नहीं कार्रवाई की जा रही है। कहा कि नेताजी हमेशा चीन से खतरे को लेकर आगाह करते रहे लेकिन भाजपा सरकार इस गंभीर मुद्दे पर बेपरवाह बनी रही। आज चीन हमारी सीमा पर कब्जा करने के साथ ही हमारे बाजार पर भी कब्जा कर रहा है। वह दो तरह से हमें नुकसान पहुंचा रहा है। इसके बाद भी सरकार नहीं चेत रही है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर जनता को धोखा दे रही है। अखिलेश यादव ने पूछा कि पिछले निवेशक सम्मेलन में कितना निवेश आया और कितने लोगों को रोजगार मिला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के मंत्री विदेशों में एमओयू करते जब थक गए तो उसके बाद प्रदेशों और अब तो जिलों में भी एमओयू किए जा रहे हैं।