आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कृषि विभाग ने कार्मिकों पर मनमाने तरीके से की गयी कार्यवाही के विरोध में कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। तत्पश्चात उप कृषि निदेशक को सात सूत्री समस्याओं का ज्ञापन सौंपा।
धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान में रबी सीजन अपने चरम पर है जिसके अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा बीज वितरण, सरसो मिनी किट बुकिंग, चना, मटर, मसूर एवं गेहूं वितरण सहित विभिन्न योजनाओं का कार्य संपादित किया जा रहा है। किसानों से संबंधित सभी कार्य किया जा रहा है। आनलाइन कार्य के लिए विभागीय कार्मिकों को कोई भी संसाधन जैसे लैपटाप, मोबाइल या इंटरनेट डेटा सुविधा नहीं दी जा रही है। इसके लिए हमें अपने निजी साधनों का उपयोग करना पड़ रहा है जिससे विभागीय कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के दौरान कार्मिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है जैसे कृषक का भौतिक रूप से उपस्थित न होना, आधार कार्ड एवं खतौनी में नाम का अंतर होना, एक ही परिवार के सभी सदस्यों के नाम पर भूमि होना, परंतु मोबाइल नम्बर एक होना, मृतक कृषकों का नाम शामिल होना, खतौनी में नाम होने के बावजूद पोर्टल पर नाम प्रदर्शित न होना, आधार कार्ड से मोबाइल लिंक न होना, वरासत के कारण कृषक का नाम आदेश में होने से पोर्टल पर नाम का नहीं दिखना आदि शामिल है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार