बंगाल के बाद उत्तर प्रदेश भी जीतेगी भाजपा-निरहुआ

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अपने जन्मदिन पर जिले के भंवरनाथ स्थित शिव मंदिर पहुंचे भाजपा के पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने दर्शन-पूजन कर बाबा से जनता की सेवा का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण परियोजना, एसआईआर प्रक्रिया, विपक्ष के आरोपों और आगामी चुनावों को लेकर खुलकर बयान दिया और दावा किया कि बंगाल के बाद पार्टी उत्तर प्रदेश भी जीतेगी।
पूर्व सांसद ने कहा कि 15 किलोमीटर लंबे रिंग रोड (चालान दक्षिण-पूर्व बाईपास) परियोजना को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा 1279.13 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि जब वह वर्ष 2022 से 2024 तक आजमगढ़ के सांसद थे, उसी दौरान इस सड़क की मांग की गई थी और डीपीआर भी तैयार कराई गई थी।
पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार ने आजमगढ़ को विश्वविद्यालय और संगीत महाविद्यालय जैसी सौगातें दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और आने वाले समय में जिले को और भी बड़ी योजनाएं मिलने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार और महाराष्ट्र में भाजपा जीत हासिल कर चुकी है, अब पश्चिम बंगाल भी जीतेंगे और उसके बाद उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव भी भाजपा ही जीतेगी। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर काम हो रहा है और आगे और भी विकास कार्य होंगे। यही वजह है कि 2027 में भी आजमगढ़ में कमल खिलेगा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *