तीसरे दिन भी जारी रहा अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस प्रशासन की कार्यशैली से क्षुब्ध तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ तहसील परिसर में अध्यक्ष मिथिलेश सिंह की अध्यक्षता में तीन दिवसीय धरना दिया।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि हमारे संघ की महिला अधिवक्ता संगीता कुमारी निवासी सिहोरा थाना अतरौलिया के साथ उसके विपक्षों द्वारा मारपीट के साथ-साथ उसकी भूमिधरी की जमीन पर पुलिस की मिली भगत से विपक्षी द्वारा कब्जा किया जा रहा है। साथ ही उनकी जमीन में रास्ता बनाया जा रहा है। इसका विरोध करने पर विपक्षियों ने पुलिस से मिलकर पीड़ित परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। विपक्षी द्वारा अधिवक्ता संगीता और उनके परिजनों पर मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्रीय दरोगा द्वारा महिला अधिवक्ता के साथ अभद्रता की गई। इस मामले में शिकायती पत्र एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर को दिया गया फिर भी पुलिस द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
अधिवक्ताओं ने कहा कि हमारे अधिवक्ता का भी मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। बार एसोसिएशन के मंत्री जगत नारायण तिवारी ने कहा किअगर पुलिस द्वारा शीघ्र ही मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो हम अधिवक्ता अतरौलिया थाना का व क्षेत्राधिकारी कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश लाल श्रीवास्तव, रामनिवास सिंह, विजय प्रताप सिंह, अनिल सिंह, योगेंद्र यादव, सूर्य प्रकाश यादव, उमाशंकर पांडे, उपेंद्र पाठक, सौरभ सहाय श्रीवास्तव, ईश्वर प्रताप सिंह, विनोद यादव, बलराम यादव, शीतल चतुर्वेदी, मोहम्मद कैफ आजमी, ब्रजनाथ पाठक, राजकुमार सिंह, विवेक सिंह, डब्लू चौबे आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *