आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भाजपा जिलाध्यक्ष सदर ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में नेहरू हाल में आत्मनिर्भरता भारत अभियान के अन्तर्गत प्रोफेशनल सम्मेलन सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य आनन्द स्वरूप शुक्ला मौजूद रहे।
श्री शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवादी पार्टी है। भारत 2047 तक कैसे विकसित बने इस संकल्प को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी आत्मनिर्भर भारत अभियान को आगे बढा रही है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी अपनाइये। आज हम सब यहां से इस संकल्प के साथ जाएंगे कि हम अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करेंगे। आयातित वस्तुओं की जगह देसी विकल्प अपनाएंगे। घर, काम और समाज में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे। गांव, किसान तथा कारीगरों का समर्थन कर स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देंगे। युवाओं और बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। नई पीढ़ी तक इसका महत्व पहुंचाएंगे। पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाओं का प्रयोग करेंगे। पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी और प्राकृतिक अनुकूल उत्पादों का उपयोग करेंगे और देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देंगे। यह संकल्प हमें हर भारतीय तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर अखिलेश मिश्रा गुड्डू, श्रीकृष्ण पाल, प्रेम प्रकाश राय, आरपी राय, हरिवंश मिश्रा, नागेन्द्र पटेल, पूनम सिंह, अवनीश मिश्रा, विनय प्रकाश गुप्ता, विवेक निषाद, शोभित श्रीवास्तव आदि कार्यकर्ता व आमजन मौजूद रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल