पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में विश्व कैंसर दिवस पर एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में यूनाइटेड बाई यूनिक थीम अंतर्गत जन-जागरूकता संगोष्ठी एवं कैंसर स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा एनसीडी (गैर-संचारी रोग) कार्यक्रम के तहत किया गया।
सीएमओ डा.एनआर वर्मा ने कहा कि कैंसर के मामलों में निरंतर वृद्धि एक गंभीर चुनौती है, लेकिन समय पर जांच, सही जानकारी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इससे काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने आमजन से कैंसर स्क्रीनिंग को अपनाने और लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
एडिशनल मुख्य चिकित्साधिकारी डा. उमाशरण पांडेय ने कैंसर के सामान्य लक्षणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लगातार थकान, त्वचा में पीलापन, वजन का असामान्य घटना और भोजन निगलने में कठिनाई जैसे संकेतों को नजर अंदाज नहीं करना चाहिए।
मनोवैज्ञानिक सौरभ कुमार ने कहा कि कैंसर केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को प्रभावित करता है। ऐसे में रोगियों को मानसिक सहयोग और परामर्श देना अत्यंत आवश्यक है।
एएनएमटीसी सेंटर की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव ने एएनएम छात्राओं से अपील की कि वे समुदाय में कैंसर जागरूकता की मजबूत कड़ी बनें और महिलाओं में विशेष रूप से स्तन कैंसर की समय पर जांच के लिए लोगों को प्रेरित करें। इस दौरान वक्ताओं ने गुटखा, पान एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से मुंह व ग्रास नली कैंसर के बढ़ते खतरे पर भी विस्तार से चर्चा की और तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया।
एएनएम छात्राओं, स्वास्थ्य कर्मियों और विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए कैंसर के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में सभी से “जल्द पहचान सुरक्षित जीवन” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई।
संचालन प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी ने किया। संगोष्ठी को सफल बनाने में एनसीडी सेल से दिलीप मौर्या एवं चंद्र प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट-बबलू राय