आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय में किया गया। उद्घाटन सीएमओ डा.एनआर वर्मा द्वारा किया गया।
प्रथम दो लाभार्थी बालिकाएं सुदीक्षा राय एवं अंशिका प्रकाश उपाध्याय रहीं, जिन्हें एचपीवी वैक्सीन का पहला टीका लगाया गया। उन्होंने किशोरियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे इस वैक्सीन को अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
सीएमओ डा.वर्मा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (बच्चेदानी के मुख) के कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। यह टीकाकरण विशेष रूप से 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा सोमवार से शनिवार, प्रातः 8 बजे से दोपहर दो बजे तक जिला महिला चिकित्सालय में उपलब्ध रहेगी।
अधीक्षक डा. विनय सिंह यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है और अस्पताल में इसकी सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारी की गई है, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मनीष तिवारी, पूनम शुक्ला, मुकेश, सतीश आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल