माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाना क्षेत्र के कन्दरा गांव में सुभासपा नेता अभिषेक उपाध्याय का जमीनी विवाद सुलझाने में प्रशासनिक अधिकारी मंगलवार को एक बार फिर विफल रहे। आत्मदाह के लिए जिलाधिकारी आवास पर जाने से पहले ही पुलिस ने उन्हें हाऊस अरेस्ट कर लिया। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नींव की खुदाई तो हुई पर आगे का निर्माण कार्य नहीं हो सका।
कन्दरा गांव निवासी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी युवा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक उपाध्याय ने 21 नवम्बर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर आजमगढ़ के मंडलायुक्त डीआईजी डीएम और पुलिस अधीक्षक को ईमेल कर यह कहा था कि सपा के एक पूर्व विधायक के इशारे पर गांव के दबंग लोग उसकी पैतृक जमीन पर कब्जा करना चाहते है और जानवरों आदि से सुरक्षा के लिए चहारदीवारी निर्माण कराना चाहा रहे जिसे ये दबंग लोग नहीं होने दे रहे। उनका कहना है कि तीन माह से वे अधिकारियों के उदासीन रवैए से क्षुब्ध है। उन्होंने प्रेषित ईमेल में प्रशासन को चेतावनी देते हुए यह कहा कि तीन दिन में यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो वे डीएम आवास पर आत्मदाह कर लेंगे।
अभिषेक उपाध्याय द्वारा आत्मदाह की तय सीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार सुबह उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार, नायब तहसीलदार राजाराम और थानाध्यक्ष अहरौला प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और अभिषेक उपाध्याय को उनके घर पर ही हाऊस अरेस्ट कर लिया और उनको विवाद के निस्तारित करने का भरोसा दिलाया। अभिषेक को हाऊस अरेस्ट करने के बाद उपजिलाधिकारी द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर आपसी सहमति से नींव की खुदाई करवाया। उसके बाद उपजिलाधिकारी निर्माण कार्य कराने का निर्देश देकर चले गए। अचानक ही दूसरे पक्ष की एक महिला की तबियत खराब हो गई और वे उन्हें अस्पताल लेकर चले गए और महिलाओं ने निर्माण कार्य नहीं होने दिया। दूसरे दिन भी नायब तहसीलदार राजाराम और पुलिस बल चल रहे विवाद को निस्तारित नहीं करा सके।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार का कहना है कि एक पक्ष की एक महिला की अचानक तबियत खराब हो गई जिसके कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया है। जमीन की निशानदेही और नींव की खुदाई करा दी गई है। जो भी निर्माण कार्य बचा है उसे भी पूर्ण कर दिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
इनसेट—
सुभासपा नेता ने वीडियो संदेश किया जारी, लगाई डीएम से गुहार
माहुल (आजमगढ़)। हाऊस अरेस्ट सुभासपा नेता अभिषेक उपाध्याय ने मंगलवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्थानीय प्रशासन पर विफलता का आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाया है। उन्होंने कहा कि दबंगों के आगे दो दिन से उपजिलाधिकारी से लेकर थानाध्यक्ष तक नतमस्तक हैं। हमारी जमीन को हमसे ही छीना जा रहा और हमें ही हाऊस अरेस्ट किया जा रहा है। जैसे ही उन्हें मौका मिलेगा वे जिलाधिकारी आवास पर पहुंच कर आत्मदाह कर लेंगे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह