अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी छठ महापर्व को लेकर अतरौलिया प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को बूढ़नपुर उप जिलाधिकारी नंदिनी शाह, क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह, ट्रेनी सर्किल ऑफिसर अरुण तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने नगर क्षेत्र के चिन्हित छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर के पूरब पोखरा और पश्चिम पोखरा सहित अन्य प्रमुख घाटों की साफ-सफाई, रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीएम नंदिनी शाह ने नगर पंचायत कर्मियों को निर्देशित किया कि घाटों की संपूर्ण सफाई, सीढ़ियों की धुलाई, तथा विद्युत लाइटों व झालरों की व्यवस्था अतिशीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पोखरे में गंदगी नहीं रहनी चाहिए, और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था सुचारू होनी चाहिए।
क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस उप निरीक्षक व महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और घाटों के आसपास की सड़कों को खाली रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, साथ ही पुलिस बल की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।
अधिकारियों ने इस दौरान सरैया रत्नावे स्थित पौहारी जी के स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की यह सक्रियता इस बात का संकेत है कि इस बार छठ पर्व को लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद