अपर आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई कड़ी नाराजगी

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अपर आयुक्त प्रशासन शमशाद हुसैन ने अचानक तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील की कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर अपर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन ने अमल दरामद रजिस्टर, फायर गैस सिलेंडर, अभिलेखागार सहित विभिन्न विभागीय रजिस्टरों की गहन जांच की। इस दौरान अमारी गांव का बस्ता खुलवाकर जांच कराई गई, जिसमें पाया गया कि कई खतौनी रजिस्टरों में अब तक प्रविष्टियां नहीं चढ़ाई गई हैं, जो गंभीर लापरवाही का संकेत है।
अपर आयुक्त ने तहसील में लगे फायर सिलेंडर की जांच की तो वह खराब अवस्था में मिला, जिस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल उसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने एसडीएम न्यायिक एवं प्रशासनिक न्यायालयों की फाइलों का निरीक्षण किया और फाइलों के रख-रखाव में लापरवाही पाए जाने पर कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान पीने के पानी की व्यवस्था भी जांची गई। पानी के पास गंदगी देखकर अपर आयुक्त काफी नाराज हुए और साफ-सफाई के साथ स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
अभिलेखागार में रखे गए आपदा से संबंधित अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया और महत्वपूर्ण कागजातों को सुरक्षित ढंग से संरक्षित रखने के सख्त निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कुछ फरियादियों ने अपनी समस्याएं भी अपर आयुक्त के सामने रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम बूढ़नपुर अभय राज पाण्डेय, तहसीलदार शैलेश कुमार, नायब तहसीलदार बंदना वर्मा सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अपर आयुक्त प्रशासन के इस औचक निरीक्षण से तहसील कर्मियों में हड़कंप मचा रहा और कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जगी है।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *