आज़मगढ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय सभागार में आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की 23वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न हुई। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि बिना नक्शा पास कराये जिन अवैध निर्माण कार्य के विरुद्ध पूर्व में नोटिस निर्गत की गयी है, उन सभी नोटिसों का अनुपालन होना चाहिए। निर्गत नोटिस में सभी अवैध निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध कार्यवाही नियमावली के तहत समान रूप से की जाय।
मण्डलायुक्त ने कहा ऐसे निर्माण कार्य जो मानचित्र स्वीकृति के बगैर हो रहे हैं, उसे प्रारम्भिक स्तर पर ही रोका जाय, इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बोर्ड के सदस्यों द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र के अन्दर नदी के किनारे हो रहे अवैध निर्माण के सम्बन्ध में अवगत कराये जाने पर मण्डलायुक्त विवेक ने प्राधिकरण के सहायक अभियन्ता एवं सम्बन्धित अवर अभियन्ताओं को निरन्तर भ्रमण कर ऐसे निर्माण को तत्काल रोकने हेतु निर्देशित किया। सदस्यों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि मुख्य मार्ग पर स्थित कतिपय अस्पतालों द्वारा सड़क हेतु छोड़ी गयी जमीन पर टिनशेड डालकर वाहन स्टैण्ड के रूप में प्रयोग किया जा रहा है, जिससे आवागमन बाधित रहता है। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी, रविन्द्र कुमार ने विकास प्राधिकरण के सहायक अभियन्ता एवं अवर अभियन्ताओं को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संयुक्त रूप से भ्रमण कर सड़कों से अवैध अतिक्रमण के साथ ही नदी किनारे हो रहे अवैध निर्माण को भी रोकें। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनके तथा मण्डलायुक्त द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र का भ्रमण किया जायेगा। उन्होंने आगाह किया कि भ्रमण के दौरान कहीं भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण नहीं मिलना चाहिए तथा जहां आवश्यकता है वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगवाये जायंे।
इस दौरान कुल 8 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गये। मण्डलायुक्त ने गत वर्ष के स्वीकृत आय एवं व्यय बजट की समीक्षा करते हुए प्रस्तावित बजट को उपयुक्त पाते हुए स्वीकृति प्रदान की।
रिपोर्ट-सुबास लाल