पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम इमलीपुर में प्रतिबंधित पशु की मुंडी व खाल मिलने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार की रात थानाध्यक्ष सुनील कुमार दूबे पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग व वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान सूचना मिली कि अभियुक्त तबरेज क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी की गई, लेकिन खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रखने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज में भर्ती कराया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोवध की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
रिपोर्ट-बबलू राय