आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लछिरामपुर स्थित वेदांता हास्पिटल में भर्ती मरीज के परिजनों ने अस्पताल कर्मियों द्वारा मारपीट का आरोप लगाया गया है। उनका आरोप है कि रविवार की रात में मरीज से मिलने जा रहे थे। डाक्टर और उनके गार्ड व स्टाफ ने मारपीट किया। इसके बाद तीमारदारों ने दिन में हंगामा किया। मामला बढ़ता देख दिन में मरीज को रेफर कर दिया गया।
मरीज के रिश्तेदार पवन मद्धेशिया निवासी बिहरोजपुर थाना सिधारी ने तहरीर दी है। मामले में हॉस्पिटल के सुपरवाइजर ऋतिक जायसवाल ने बताया कि अस्पताल को बदनाम करने की सोची समझी साजिश है। मरीज शिव कुमार एक्सीडेंट में घायल था। जिला अस्पताल से रेफर होकर यहां पर आया था। परिजनों को बार-बार इसकी जानकारी दी जा रही थी। रात में 9 बजे भी परिजनों को बता दिया था कि हालत नाजुक है चाहे तो ले जा सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ तीमारदार भरत मद्धेशिया ने बताया कि उसके दोस्त पवन मद्धेशिया के बहनोई भर्ती थे। अपने साथ मारपीट के मामले में सीसीटीवी फुटेज को निकलवा कर कार्रवाई की मांग की।
भरत के अनुसार मरीज दो दिन से भर्ती थे। भरत और परिजनों के अनुसार रात में डाक्टर ने एक इंजेक्शन मंगवाया। यह इंजेक्शन अस्पताल में मौजूद नहीं था। रात 12 बजे आसपास के मेडिकल स्टोर पर भी नहीं मिला। खोजबीन कर जब परिजन लौटे तो मुख्य गेट से भवन में घुसने से मना कर दिया गया। तब मरीज के पास जाने की बात परिजन कहने लगे तो बात बढ़ गई।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार