तहबरपुर में घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया लेखपाल

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार लाख जतन कर ले, लेकिन घूसखोरों में कोई खौफ नहीं दिख रहा है। अभी कुछ महीने पहले घूस लेते कलेक्ट्रेट भवन के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया था कि शनिवार को तहबरपुर थाना के पास भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने एक लेखपाल को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ दबोच लिया।
पकड़ा गया लेखपाल मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम दुबौली निकसपुर का निवासी और शहर से सटे बिजौरा कालोनी में किराए का मकान लेकर रहता है। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के सोढ़री गांव में तैनात लेखपाल रामदयाल त्रिपाठी के बारे में बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता सोढ़री गांव निवासी सत्यम राय से पैमाइश तथा रिपोर्ट लगाने के नाम पर घूस की मांग की जा रही थी। कई महीनों से भागदौड़ के बाद भी पीड़ित का कार्य नहीं हो रहा था। इसके बाद पीड़ित ने सामाजिक संगठन प्रयास से संपर्क किया। संगठन के लोगों के सहयोग से भ्रष्टाचार निवारण शाखा पर पीड़ित ने आवेदन किया। आवेदन मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण शाखा ने औपचारिक कार्रवाई के बाद शनिवार को अपना जाल फैलाया और पीड़ित से उक्त लेखपाल को रिश्वत देने के लिए बुलाने को कहा। जैसे ही लेखपाल ने रिश्वत पकड़ा तभी टीम के सदस्य अचानक से धमक पड़े और लेखपाल को दबोच लिए। कार्रवाई होते ही अफरा तफरी मच गई। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई को लेकर भ्रष्टाचार निवारण शाखा के लोग थाना परिसर में पहुंचे। रानी की सराय थाने पर विधिक कार्रवाई चल रही थी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही तहसील के अन्य लेखपालों में हड़कंप मच गया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *