आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बीते 14 अक्टूबर को थाना अहरौला क्षेत्र में हुई हत्या व लूट की घटना में संलिप्त एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। इस मामले में पूर्व में तीन अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं।
बीते 15 अक्टूबर को श्रीनारायण मिश्र पुत्र काशीनाथ मिश्र निवासी कपरीपार थाना भईल जनपद देवरिया द्वारा थाना स्थानीय पर प्रार्थना पत्र दिया गया कि वादी का पुत्र दुर्गेश कुमार मिश्र जो प्रयागराज में 2 वर्ष से गाड़ी चलाने का काम करता था जिसका फोन स्विच आफ आ रहा था जिससे खोजबीन में वादी को पता चला कि वादी के पुत्र के शव की फोटो पेपर में छपी हुई है जिसे आजमगढ़ मोर्चरी में रखा गया है। वादी द्वारा आजमगढ़ मोर्चरी में जाकर देखा गया तो उन्हें पता चला की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वादी के पुत्र की हत्या कर शव को बरामदपुर पुलिया थाना अहरौला के पास फेंक दिया गया था। लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश मंे थी। 4 नवम्बर को पुलिस मुठभेड़ में अभियुक्त अंकित सिंह पुत्र मृत्युंजय सिंह निवासी लहुआकला थाना देवगांव सहित 3 अभियुक्त नवनीत सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी बहुआरा थाना बैरिया जनपद बलिया, निशान्त सिंह पुत्र प्रदीप सिंह निवासी कबिलहा थाना देवगांव को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे मय हमरहियान द्वारा मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित अभियुक्त शैलेष सिंह उर्फ सोनू पुत्र सुरेश सिंह निवासी बीबीपुर वाजिदपुर थाना विरनो जनपद गाजीपुर को सिक्स लेन सर्विस रोड शमशाबाद के निकट के गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार