मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आप ने किया प्रदर्शन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट चौराहे पर प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव एवं जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा की गई तथाकथित “मोदी-ट्रंप ट्रेड डील” के विरोध में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस समझौते को देश के किसानों, छोटे व्यापारियों, एमएसएमई और आम नागरिकों के हितों के विरुद्ध बताते हुए गहरा विरोध दर्ज कराया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपा।
प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ की गई इस ट्रेड डील को लेकर देशभर में गंभीर आशंकाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते की शर्तों पर न तो संसद में व्यापक चर्चा कराई गई और न ही जनता को विश्वास में लिया गया। यदि इस समझौते के तहत भारतीय कृषि बाजार को असंतुलित तरीके से विदेशी उत्पादों के लिए खोला जाता है और भारतीय किसानों को समुचित सुरक्षा व सब्सिडी नहीं मिलती, तो इससे देश के करोड़ों किसानों की आजीविका पर सीधा संकट उत्पन्न होगा। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी, स्थानीय उद्योग और मध्यम वर्ग पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि इस ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाय। पार्टी ने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि संविधान प्रदत्त अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए केंद्र सरकार को इस विषय पर आवश्यक, त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु निर्देशित करें, ताकि देशहित सुरक्षित रह सके और जनता की आशंकाओं का समाधान हो सके।
इस मौके पर राम जनम यादव, रमेश मौर्य, अनिल यादव, दीनबंधु गुप्ता, राम प्रसाद यादव, अमरनाथ यादव, अभिषेक राजभर, उमेश यादव, अन्नू राय, तनवीर रिज़वी आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *