आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आम आदमी पार्टी आजमगढ़ इकाई के तत्वावधान में महान समाज सुधारक, पिछड़ों-वंचितों के मसीहा एवं पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पार्टी कार्यालय सिविल लाइंस में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने कर्पूरी ठाकुर के जीवन एवं संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित समाज के उत्थान को समर्पित रहा। आज के समय में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया और सत्ता में रहते हुए भी सादगी एवं ईमानदारी की मिसाल पेश की। आम आदमी पार्टी उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार और सुविधाएं पहुंचाने के लिए संघर्षरत है।
जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। उन्होंने शिक्षा, आरक्षण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता और न्याय स्थापित करना होगा। अंत में सभी ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर रमेश मौर्य, राजेश सिंह, रुदल मौर्य, उमेश यादव, तनवीर रिज़वी, संजय यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार