सड़क हादसे में बाईक सवार एक युवक की मौत दूसरा घायल

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजगंज थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव के पास महाराजगंज कप्तानगंज मुख्य मार्ग पर दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान एक की मौत हो गई जबकि एक बाइक सवार की हालत नाजुक बताई जा रही है।
शनिवार की रात अमरजीत तिवारी पुत्र रणविजय तिवारी उम्र लगभग 25 वर्ष निवासी महेशपुर थाना महाराजगंज, कप्तानगंज की ओर से निमंत्रण से घर आ रहे थे जबकि दूसरे बाइक सवार शिव कुमार पुत्र रामप्रीत उम्र लगभग 20 वर्ष महाराजगंज से अपने घर कुम्हवत जा रहे थे तभी नरोत्तमपुर गांव के पास दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और दोनों की हालत देख तत्काल स्थानीय थाने पर घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना में घायल दोनों बाइक सवार तत्काल एंबुलेंस बुलवाया और दोनों के परिवार वालों को सूचना देते हुए इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल भेज दिया। परिजनों ने बताया कि इलाज के दौरान अमरजीत की मौत हो गई जबकि शिव कुमार की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। यह सड़क दुर्घटना सड़क के किनारे बने मकान के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *