आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता इस वर्ष विशेष रूप से वीर बाल दिवस एवं शहीद सप्ताह को समर्पित रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल, प्रबंधक गौरव अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने किया। उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया, कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वीर बाल दिवस के महत्व से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। उद्घाटन समारोह के पश्चात खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई, जिसमें कक्षा 6 से 11 तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ भाग लिया।
विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा-विद्यालय में हम शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी समान महत्व देते हैं। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा वीर बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि साहस और संकल्प से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है। बाजीराव पेशवा का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि आज हमें अपने इतिहास को सत्यता और ईमानदारी के साथ जानने की जरूरत है। खेल उन्हें संघर्ष करना, टीम भावना के साथ आगे बढ़ना और हार-जीत को समान रूप से स्वीकार करना सिखाते हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की गई।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार