आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बरदह थाना क्षेत्र के पुरसुड़ी बाजार में गुरुवार की रात पोखरे में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव बरामद होने के बाद दो परिवारों में कोहराम मच गया। दशहरा की खुशियां काफूर हो गईं। मृतक सचिन विश्वकर्मा पुत्र सतीश विश्वकर्मा जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हनुआडीह का निवासी था।
वह गुरुवार की देर शाम गांव निवासी केदार विश्वकर्मा के घर ननिहाल आया था। रात में प्रतिमा देखने के लिए जिवली-देवगांव मार्ग स्थित पुरसुड़ी बाजार में पूजा पंडाल में प्रतिमा देखने के लिए गया था। आरती के बाद सामने पोखरे के निकट शौच करने चला गया, जहां माना जा रहा है कि अचानक पैर फिसलने से डूब गया होगा। साथ गए बच्चों ने पंडाल में आकर जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने रात में ही काफी प्रयास किया, लेकिन पता नहीं चला। पुलिस भी कुछ न कर सकी। शुक्रवार की सुबह जौनपुर से पहुंचे गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। मृतक के पिता सतीश ने बताया कि गुरुवार को दोपहर में घर से अपनी नानी सूरजदेई के साथ ननिहाल आया था। चार वर्ष से मिर्गी की दवा वाराणसी से चल रही थी। मां सुमन देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक कक्षा 9 का छात्र और दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-सुबास लाल