आजमगढ़। मार्टीनगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत आम गांव में शनिवार की सुबह खेत में धान की रोपाई कर रहे करीब एक दर्जन मजदूर आकाशीय बिजली गिरने से झुलस गये। सभी घायल मजदूरों को पीएचसी मार्टीनगंज में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत आम गांव में जितेंद्र कश्यप के खेत में बगल के गांव इमादपुर के दर्जन भर से अधिक मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। इस दौरान बरसात शुरू हो गयी। पानी से बचने के लिए सभी एक बरगद के पेड़ के नीचे इकट्ठा हो गए। तभी एकाएक आकाशीय बिजली गिरने से इमादपुर गांव के रेशम, करिश्मा, सुशीला, इंद्रजीत, चंद्रकला, सरिता, चंदा, सुशील, रीता, शारदा, प्यारी देवी, मुला देवी, कलावती झुलस गयीं। घटना की जानकारी होने पर गांव के लोग इन्हे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज में भर्ती कराए जहां सभी का इलाज चल रहा।