आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रधानमंत्री के एक पौधा मां के नाम के आह्वान का असर जिले में शनिवार को भरपूर दिखा। पर्यावरण प्रहरियों के मन में धरती मां के लिए कुछ करने की इच्छा जगी और पौधारोपण के लिए हर किसी के कदम सुबह ही निकल पड़े थे। मंत्री से लेकर अफसर और आम जनमानस ने मां के नाम का पौधा लगाने के साथ ही उसके संरक्षण का भी संकल्प लिया। जगह-जगह पौधों के वृक्ष बनने तक संरक्षण का संकल्प लिया गया और मौजूद लोगों को पौधारोपण का महत्व बताया गया।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने तमौली ग्रामसभा में 75 सौ पौधों के रोपण का आरंभ मौलश्री का पौधा लगाकर किया। साथ ही ग्रामीणों को पौधा वितरण भी किया। बताया कि 36.50 करोड़ पौधारोपण किया जाना है, जिसमें 58 लाख पौधे जिले में लगाए जाएंगे। इस मौके पर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के साथ ही डीएफओ जीडी मिश्र, अन्य अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
डीआइजी वैभव कृष्ण व एसपी हेमराज मीना आदि ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। अपर आयुक्त प्रशासन कमलेश कुमार अवस्थी ने कमिश्नरी परिसर में अशोक, आंवला, अमरूद का पौधरोपण किया। पल्हनी शिक्षा क्षेत्र के हरिहरपुर कंपोजिट विद्यालय परिसर में नोडल अधिकारी व आइएएस डा. नितिन कुमार बंसल, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, डीआइ अजय कुमार त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार वर्मा, खंड विकास अधिकारी विकास शुक्ला व विद्यालय प्रधानाध्यापक उपेंद्र दत्त शुक्ला ने पौधारोपण किया।
निजामाबाद प्रतिनिधि के अनुसार बाबू केदारनाथ स्मारक जन सेवा संस्थान द्वारा संचालित भगत सिंह खेल अकादमी निजामाबाद के प्रांगण में ग्राम प्रधान हंसराज यादव के नेतृत्व में सभी खिलाड़ियों ने पर्यावरण सुरक्षा एवं संरक्षा के संकल्प के साथ पौधारोपण किया। राष्ट्रीय पहलवान अमरजीत यादव ने खिलाड़ियों एवं क्षेत्र वासियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
बूढ़नपुर प्रतिनिधि के अनुसार भैरोपुर प्राथमिक विद्यालय पर बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, बीईओ महराजगंज अजय कुमार तिवारी ने दशहरी तथा बीईओ कोयलसा पंकज कुमार ने आंवला, प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रताप सिंह ने जामुन का पौधा लगाया। अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा लालगंज पुष्कर मिश्रा ने सौ शैय्या अस्पताल परिसर में पौधा रोपण किया। अधीक्षक एसके ध्रुव आदि उपस्थित रहे। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष जयनाथ सिंह, उप जिलाधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी आदि ने भी पौधारोपण किया।
रिपोर्ट-सुबास लाल