पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जहां राष्ट्रीय राजमार्गों की बदहाली से लोग परेशान हों, वहां अन्य सड़कों के बारे में सोचना बेमानी होगा। वाहन चालकों के लिए एनएच 135 का सफर काफी दुखदाई है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135 पर जैसे ही वाहन खैरूद्दीनपुर बाजार से आगे बढ़ते हैं गड्ढों का सफर शुरू हो जाता है। पुलसराय बाजार में कुंवर नदी पुल पर बने गहरे गड्ढों में वाहन हिचकोले खाने लगते हैं। सड़क पर बने गड्ढों से पता ही नहीं चलता कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग है। यात्रियों को समझ में नहीं आता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। जिले की जहां सीमा समाप्त होती है, वहां तक सड़क का बुरा हाल है। पवई थाना क्षेत्र के पुलसराय बाजार में कुंवर नदी पर पुल बना है। इस पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं कि वाहनों को पार करने में चालकों की रूह कांप जाती है। जरा सी चूक होने पर वाहन करीब 30 फीट नीचे गिर सकते हैं। ऐसी स्थिति में जान को खतरा बना रहता है। यहां कभी भी वाहन नदी में गिर सकते हैं जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। वैसे तो दो पहिया वाहन यहां रोज ही पलटते हैं। समय के साथ-साथ गड्ढों की गहराई बढ़ती जा रही है। जो यात्रियों के लिए खतरनाक है। रात में दुर्घटना की आशंका प्रबल रहती है। क्षेत्र के कृष्ण कुमार यादव, सोहन, संतोष यादव, पप्पू यादव, हनुमान, राम लखन यादव आदि ने उच्चाधिकारियों का ध्यान इस समस्या की तरफ आकर्षित कराया है।
रिपोर्ट-नरसिंह यादव