आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गोली मारकर चेन व अंगूठी लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले 25 हजार ईनाम घोषित लुटेरे की शनिवार की सुबह बरदह थाना क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ हो गयी। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में अपराधी के पैर में दो गोलियां लगीं और घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बरदह थाना क्षेत्र के गोड़हरा बाजार के समीप बीते 29 नवम्बर को बाइक सवार दो बदमाशों ने स्थानीय बेलाखास गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने दोस्त के साथ आए गाजियाबाद निवासी अनुज चौधरी को गोली मारकर सोने की चेन व अंगूठी छीनने की वारदात हुई थी। दुर्घटना के वक्त घायल अनुज चौधरी अपने दोस्त मोहित के साथ गोड़हरा बाजार निवासी रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। पुलिस विवेचना में बरदह थाना क्षेत्र के ईरनी ग्राम निवासी दीपक राजभर पुत्र अरविन्द राजभर का नाम प्रकाश में आया। लूट की घटना को उसने अपने साथी के साथ अंजाम दिया था। वांछित अपराधी पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। शनिवार की सुबह पुलिस व बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गयी, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में दो गोली लगी। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इनसेट
बाकी अभियुक्तों की जल्द होगी गिरफ्तारी: एसपी
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि बरदह थाना अंतर्गत 29 नवम्बर को गोली मारकर चेन छीनने की घटना के वाँछित अन्तर्जनपदीय गैंग के अपराधी, 25 हजार का इनामिया अपराधी दीपक राजभर थाना बरदह की पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में 2 गोली। अभियुक्त दीपक राजभर सहित 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों के कब्जे से लूट की 3 बाइक, 2 अवैध असलहा, 4 जिन्दा कारतूस व 3 खोखा कारतूस, 2 आभूषण व साढ़े 15 हजार रूपये नगद बरामद किया गया। इसके साथ बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार