आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला जेल में निरूद्ध एक कैदी मंगलवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार की दोपहर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार बंदी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
रौनापार थाना क्षेत्र के टुकौली गांव निवासी सूरज कुमार पुत्र विनोद को पुलिस ने एक माह पूर्व चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। बीते एक माह से वह जिला कारागार में बंद था। मंगलवार देर शाम जेल में उसकी तबीयत खराब हुई। हालत गंभीर होने पर जेल प्रशासन ने दो बंदी रक्षकों के साथ उसे जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। बुधवार को सूरज जेल से साथ आए बंदी रक्षकों को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। बंदी के फरार होने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शहर कोतवाली पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई और फरार बंदी की तलाश में जुट गई।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार