आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में एक से 31 अक्टूबर से संचारी रोग अभियान के साथ दस्तक अभियान में संचारी रोगों से बचाव के लिए सात से 21 अक्टूबर तक घर-घर दस्तक अभियान चलाया गया। इस दौरान आशा ने 582842 घरों में दस्तक दी जिसमें 228 मरीज चिन्हित किये गये।
मच्छरों, गंदगी व अन्य माध्यमों से फैलने वाली संक्रामक बीमारियों को मात देने के लिये घर-घर आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा दस्तक दी गयी। अभियान में लोगों को स्वच्छता, पोषणयुक्त भोजन, शुद्ध पेयजल आदि की महत्ता के प्रति जागरूक किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी शेषधर द्विवेदी ने बताया कि इस अभियान में गांव में तैनात आशा कार्यकर्ता व आशा संगिनी द्वारा कुल 582842 घरों में घर-घर जाकर संचारी रोगों से ग्रसित मरीजों की जानकारी जुटाई गयी एवं इनके द्वारा 6814 मातृ बैठक की गयी। इस अभियान के दौरान कुल 228 बुखार से ग्रसित व्यक्ति पाये गए। साथ ही 164 की मलेरिया जांच की गयी, जिसमें कोई पॉज़िटिव नहीं मिला। 171 व्यक्ति ख़ासी जुकाम के पाये गये। कोविड की सभी की जांच की गयी कोई पॉज़िटिव नहीं मिला। भ्रमण के दौरान 151 कुपोषित बच्चे पाये गये। अभियान में आशा ने लोगों को संचारी रोग से बचाव के उपाय बताये। इसके साथ ही चिन्हित मरीजों को घर पर ही दवा उपलब्ध कराने के साथ ही गंभीर अवस्था वाले मरीज की सीएचसी में जांच व उपचार कराया गया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार