गुरुद्वारा में प्रकाश पर्व और शहीदी दिवस पर भजन कीर्तन

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे में स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व एवं गुरु तेग बहादुर जी के 351वें शहीदी दिवस को समर्पित धार्मिक कार्यक्रमों का समापन रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सिख संगत के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी पहुंचकर गुरु दरबार में मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सुबह नौ बजे दरबार हाल में सहज पाठ की समाप्ति के बाद सुखमनी साहिब का पाठ, कीर्तन और नाम सिमरन का आयोजन किया गया। वहीं, सुबह 11 बजे से नाम सिमरन, शब्द कीर्तन और अरदास का कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसका समापन दोपहर दो बजे हुआ। वाराणसी से पहुंचे सेवक जत्थे ने धार्मिक कार्यक्रमों में सेवा करते हुए गुरुवाणी का पाठ और कीर्तन प्रस्तुत किया। रागी जत्थे द्वारा प्रस्तुत मधुर शब्द कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो गया और संगत गुरु भक्ति में लीन नजर आई।
इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। फूलों से सुसज्जित पालकी साहिब के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। परिवार सहित पहुंचे महिला, पुरुष और बच्चों ने गुरु ग्रंथ साहिब के सामने शीश झुकाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारबद्ध होकर दर्शन करते रहे।
रविवार को भी सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। पूरे परिसर में गुरुवाणी, कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक बना रहा। और अटूट लंगर चलता रहा है।कार्यक्रम के दौरान सेवादारों ने पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
इस अवसर पर जत्थेदार सतनाम सिंह, सेवादार जगदीश सिंह, चरणदीप सिंह, गुरुप्रीत सिंह, रमनदीप सिंह, रौनक सिंह, लखविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगत के लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *