आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। व्रती महिलाओं के हाथ में कलश तो उसके पीछे किसी के सिर पर सूप और दउरा तो किसी के कंधे पर गन्ने का पेड़। रविवार को डूबते सूर्य को लाखों लोगों ने एक साथ अर्घ्यदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सडक़ से लेकर गांव की गलियों तक छठ मइया का जयकारा लगता रहा। शाम होने के साथ घाटों पर भीड़ इतनी बढ़ी कि तिल रखने की जगह तक नहीं बची थी।
निराजल व्रत रखने वाली महिलाओं के साथ ही पूरे परिवार में एक अलग तरह की ऊर्जा दिखी। सभी के चेहरे पर उत्साह के भाव थे। नदी हो या सरोवर, सभी घाटों पर आस्था की लहरें हिलोरें ले रही थीं।
शाम होने के साथ अर्घ्यदान का क्रम शुरू हुआ, तो एक साथ लाखों लोगों ने भगवान भास्कर को नमन किया। हर तरफ खुशी और जुबां पर छठ मइया से जुड़े गीत। यह अद्भुत दृश्य देख लग रहा था कि मानों भगवान भास्कर ने अपने भक्तों में अतिरिक्त ऊर्जा का संचार कर दिया हो। शाम होने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ से नदी-सरोवरों के घाट पट गए थे। घाटों के किनारे शाम होने के साथ विद्युत रोशनी से नहा उठे। सूर्यास्त होने के पहले सूर्य के सिंदूरी रूप का दर्शन करने के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य शुरू हो गया। घाटों पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर की विधि-विधान से पूजा कर उनसे अपने पति के दीर्घायु और पुत्रों के यशस्वी व वीरवान होने की कामना की।