भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों, तभी बनेगा सभ्य समाज: इश्तियाक अरशद

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत बुधवार को ठाकुर वासुदेव सिंह इंटर कॉलेज, मिरवां निहोरगंज में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत, भाषण एवं प्रतियोगिताओं के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने और ईमानदारी अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
यूनियन बैंक के रीजनल मैनेजर इश्तियाक अरशद ने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश तभी लगाया जा सकता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा हो। भ्रष्टाचार विकास में बाधा बनने के साथ ही सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को भी कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक हैं, इसलिए उनमें नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना जरूरी है।
इस अवसर पर यूनियन बैंक के सेंटर ऑफिस के विजिलेंस विभाग से श्रेय गुप्ता, मुख्य प्रबंधक (सतर्कता) चंदन कुमार, विजिलेंस विभाग आजमगढ़ के पंकज कुमार, देवगांव शाखा प्रबंधक अभिनव प्रकाश तथा निहोरगंज शाखा प्रबंधक नीरंजन कुमार सिंह मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से प्रबंधक चंद्रभान सिंह (मोनू), प्रधानाचार्य राजेश सिंह, उपप्रधानाचार्य हरिशंकर सिंह, शिक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। संचालन प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *