अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शरद पूर्णिमा के अवसर पर नगर पंचायत अतरौलिया में आयोजित तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले के तीसरे और अंतिम दिन आस्था और उल्लास का सैलाब उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते कस्बे में देर रात तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। नगर में दो दर्जन से इअधिक स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। मेले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह ने भी मेले में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। मेले के मद्देनजर नगर के प्रमुख चौराहों, चौक और मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाते पूजा पंडाल और आकर्षक विद्युत सजावट मेले की भव्यता को बढ़ा रही थी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के साथ मेले में खरीदारी का आनंद लिया। वहीं, बच्चों और युवाओं में झूलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शाम ढलते ही मेले की रौनक और बढ़ गई। देर रात तक बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थानाध्यक्ष अश्विन कुमार दुबे के नेतृत्व में नगर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और पूजा पंडालों के आसपास पुलिसकर्मियों व महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की गई थी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद